विकासनगर। दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा को मिली असफलता से सीख लेते हुए पछुवादून में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अगले विधानसभा चुनाव के लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा कार्यकर्ता इन दिनों घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों को बताने के साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को भी बता रहे हैं। रविवार को भाजपा सुद्धोवाला मंडल के कार्यकर्ताओं ने सेलाकुई और आसपास के गांवों में हर घर में जाकर ग्रामीणों को सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी। मंडल अध्यक्ष सुखदेव फर्सवाण ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों से कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी पार्टियों में बौखलाहट है। विपक्षी सरकार के बारे में भ्रामक प्रचार कर जनता को तोड़ने का काम कर रहे हैं। कहा कि भाजपा सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने के लिए कई योजनाएं संचालित की हैं, जिससे आम आदमी के जीवन स्तर में सुधार आया है। उन्होंने बताया कि भाजपा की सरकार आने के बाद प्रदेश में भी भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है। जिससे सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मिल रहा है। कहा कि भाजपा कार्यकर्ता अगले विधानसभा चुनाव से पूर्व प्रत्येक घर में अपना कार्यकर्ता तैयार करेगी। इस दौरान अनिल नौटियाल, मनोज पंवार, विनोद पाल, दिनेश नेगी, संदीप कोठियाल, श्रीनिवासन, अरुण प्रकाश भट्ट आदि मौजूद रहे।
भाजपा कार्यकर्ताओ ने घर-घर जाकर पार्टी की नीतियां व सरकार उपलब्धियां बताई
• Kalyug Ki Parchai